भारतीय कोयला मजदूर मंच और भारतीय मजदूर संघ के सदस्य आमने-सामने, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लगाए आरोप
जामुड़िया: ईसीएल के कुनुस्तोड़िया एरिया अंतर्गत कुनुस्तोड़िया कोलियरी के 2 नंबर पीट में गुरुवार को भारतीय कोयला मजदूर मंच की ओर से आयोजित पीट मीटिंग को लेकर जमकर हंगामा हुआ.आरोप है कि भाजपा और भारतीय मजदूर संघ से जुड़े कुछ लोगों ने बैठक में बाधा डालने की कोशिश की. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की भी हुई. स्थिति संभालने के लिए ईसीएल सुरक्षा विभाग, सीआईएसएफ और स्थानीय पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा.
भारतीय जनता मजदूर मंच के जिला अध्यक्ष शिवदास बाउरी ने आरोप लगाया कि भाजपा का नाम लेकर कुछ लोग संगठन के सदस्यों के साथ मारपीट कर रहे हैं और उनका उद्देश्य ट्रेड यूनियन की गतिविधियों को रोकना है. उन्होंने दावा किया कि सुबह प्रबंधन के प्रतिनिधियों से बातचीत के बाद बैठक की अनुमति मिली थी. किसी मजदूर को काम पर जाने से रोकने की योजना नहीं थी. उन्होंने कहा कि एडीएम की ओर से भी सभी को अपनी इच्छा के अनुसार बैठक करने और काम करने की बात कही गई है.
वहीं, भारतीय मजदूर संघ के महासचिव राजा सिंह ने इन आरोपों को गलत बताया. उन्होंने कहा कि किसी को बैठक करने से नहीं रोका गया, लेकिन बैठक के नाम पर मजदूरों को काम पर जाने से रोकना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा दूसरी ओर, जामुड़िया मंडल-1 के भाजपा कोषाध्यक्ष अरुण कुमार प्रसाद ने कहा कि भाजपा का कोई श्रमिक संगठन नहीं है.भाजपा नेताओं की तस्वीर लगाकर पार्टी के नाम का इस्तेमाल करना गलत है. उन्होंने भारतीय कोयला मजदूर मंच की कमेटी में 90 प्रतिशत सदस्यों के तृणमूल कांग्रेस से आने का भी आरोप लगाया.
हंगामे के बाद स्थिति सामान्य होने पर भारतीय कोयला मजदूर मंच की ओर से बैठक पूरी की गई.

0 टिप्पणियाँ