बांकुड़ा : उन्नत भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से बांकुड़ा जिला भाजपा की ओर से बुधवार को सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर तामलीबांध मैदान में पंडाल लगाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को ज्वाइंट स्क्रीन के माध्यम से सुनने के लिए सभा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में राज्य के कैबिनेट मंत्री क्षुदिराम टुडू, मंत्री दिवाकर घरामी, जिले के कई विधायक, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, जिला भाजपा अध्यक्ष प्रसनजीत चटर्जी सहित विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्ट लोग तथा भाजपा के नेता, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद तामलीबांध मैदान से सेवा ज्योति यात्रा के तहत जुलूस निकाला गया। जुलूस तामलीबांध से शुरू होकर माचनतला, सुभाष रोड और रानीगंज मोड़ होते हुए लाल बाजार पहुंचा। इसके बाद जुलूस हिंदू स्कूल मैदान में जाकर समाप्त हुआ। यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
इस अवसर पर मंत्री क्षुदिराम टुडू ने कहा कि विकसित और उन्नत भारत के निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी से उन्नत भारत के निर्माण को लेकर आम लोगों का उत्साह स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।

0 टिप्पणियाँ