विधायकों ने दुर्गापूजा और महावीर अखाड़ा के दौरान पुलिस की भूमिका की सराहना की
रानीगंज- आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत रानीगंज थाना की ओर से स्पोर्ट्स असेंबली के सभागार में प्रीति विजया सम्मेलन का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पुलिस अधिकारियों, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और व्यवसायिक संगठनों के सदस्यों ने हिस्सा लिया. इस दौरान सभी ने एक-दूसरे को दुर्गापूजा की शुभकामनाएं देते हुए आपसी सौहार्द और भाईचारे को मजबूत बनाने का संदेश दिया.
कार्यक्रम में एसीपी सेंट्रल-2 विमान मिर्धा ने कहा कि त्योहार लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने का अवसर प्रदान करते हैं. ऐसे सम्मेलनों से आपसी मेल-मिलाप और भाईचारे की भावना मजबूत होती है. आम लोगों के सहयोग से ही त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना संभव होता है.
रानीगंज के विधायक पार्थो घोष ने दुर्गापूजा और महावीर अखाड़ा के दौरान पुलिस प्रशासन की भूमिका की सराहना की. उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों ने पूरी जिम्मेदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपनी भूमिका निभाई, जिससे क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिली.
वहीं, जामुड़िया के विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रानीगंज और जामुड़िया परस्पर जुड़े हुए शहर हैं. दोनों क्षेत्रों के बीच बेहतर संपर्क और समन्वय को आगे भी मजबूत बनाए रखना जरूरी है.
कार्यक्रम में रानीगंज चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष जुगल गुप्ता, कार्यकारी अध्यक्ष रोहित खेतान, भाजपा राज्य कार्यकारिणी के सदस्य मनोज ओझा, सभापति सिंह, अनुराधा मालिया और भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष अभिक मंडल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे. अतिथियों का अभिवादन रानीगंज थाना प्रभारी पार्थो घोष ने किया, जबकि कार्यक्रम का संयोजन में पंजाबी मोड़ फाड़ी प्रभारी नजमुल होदा, संचालन जेके नगर फांड़ी प्रभारी नसरीन सुल्ताना ने किया.



0 टिप्पणियाँ