सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर पुलिस अधिकारियों और कर्मियों ने ली राष्ट्रीय एकता की शपथ
रानीगंज: लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को देशभर में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया.इसी क्रम में पश्चिम बर्धमान जिले के रानीगंज थाना परिसर में भी विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम के माध्यम से देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता बनाए रखने के साथ-साथ आपसी भाईचारे का संदेश दिया गया.
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों, पुलिस कर्मियों और विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने मार्च पास्ट में भाग लेकर अनुशासन और राष्ट्रीय एकता का परिचय दिया. वहीं, उपस्थित अधिकारियों एवं अन्य लोगों ने सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए राष्ट्रीय एकता की शपथ ली.
कार्यक्रम में एसीपी बिमान मिर्धा, डीसी ध्रुव दास, रानीगंज थाना प्रभारी पार्थो घोष सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे.सभी ने देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने तथा नागरिकों के बीच सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया.
गौरतलब है कि सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जाती है.स्वतंत्र भारत की रियासतों के एकीकरण में उनके महत्वपूर्ण योगदान के कारण उन्हें लौह पुरुष के नाम से जाना जाता है.
रानीगंज थाना परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि देश की वास्तविक शक्ति उसकी एकता, अखंडता और विविधता में निहित है. कार्यक्रम उत्साह और अनुशासन के साथ संपन्न हुआ.




0 टिप्पणियाँ