पुलिस आयुक्त समेत आला अधिकारियों ने घटनास्थल का लिया जायजा, घर में बिखरा मिला सामान
रानीगंज : निमचा फांड़ी क्षेत्र के जेके नगर कोलियरी के समीप सोमवार की रात एक महिला की असामान्य मौत से इलाके में सनसनी फैल गयी। प्रारंभिक जांच में महिला के साथ मारपीट और उसके बाद हत्या किये जाने की आशंका जतायी जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणब कुमार, डीसीपी सेंट्रल ध्रुव दास, एसीपी सेंट्रल-2 विमान कुमार मृधा, रानीगंज थाना प्रभारी पार्थ घोष और निमचा फांड़ी की आईसी नसरीन सुल्ताना समेत पुलिस के जांच अधिकारी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, महिला लंबे समय से अपने पति से अलग रह रही थी और अकेले ही बालको कंपनी के आवास में रहती थी। उसके बेटे-बेटियां बाहर रहते हैं। पुलिस की तलाशी के दौरान घर के बाहर से ही सामान इधर-उधर बिखरा हुआ दिखाई दिया। महिला भी घर में गंभीर रूप से क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ी मिली।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। महिला की मौत हत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसे लेकर फिलहाल रहस्य बना हुआ है। पुलिस की विशेष टीम मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। महिला के अकेले रहने का फायदा उठाकर घटना को अंजाम देने वाला कौन था और वारदात के बाद आरोपी कहां फरार हुआ, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ अन्य सुराग जुटाने में लगी है।

0 टिप्पणियाँ