घर के सदस्यों की गैरमौजूदगी में वारदात, तीन दरवाजों के ताले तोड़कर अलमारी खंगाली
जामुड़िया- जामुड़िया के बीजपुर इलाके में मुख्य सड़क के किनारे स्थित एक दिव्यांग गैरेज मैकेनिक के घर में चोरी की घटना सामने आयी है. आरोप है कि घर के सदस्यों की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर चोरों ने तीन दरवाजों के ताले तोड़कर अलमारी में रखे करीब 50 ग्राम सोने के गहने, 100 ग्राम चांदी के गहने और 35 हजार रुपये नकद चुरा लिये.घटना की सूचना मिलने पर जामुड़िया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
जानकारी के अनुसार, बीजपुर निवासी दिव्यांग गणेश गोराई झारखंड स्थित अपनी ससुराल पत्नी को लाने गये थे.रात हो जाने के कारण वह वहीं रुक गये. शनिवार सुबह घर लौटने पर उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला ठीक था, लेकिन अंदर जाने पर तीन दरवाजों के ताले टूटे मिले.घर के भीतर अलमारी भी टूटी हुई थी और सामान बिखरा पड़ा था.
गणेश गोराई के अनुसार, अलमारी में उनकी बेटी के शादी लिए रखे करीब 50 ग्राम सोने और 100 ग्राम चांदी के गहने थे. इसके अलावा पत्नी की साड़ी की तह में बच्चों की स्कूल फीस और लक्ष्मी पूजा के लिए रखे करीब 35 हजार रुपये छिपाकर रखे गये थे, चोर साड़ियों को उलट-पलट कर रुपये भी निकाल ले गये.
हालांकि, पास के कमरे में एक थैले में रखे पुराने सिक्कों को चोरों ने हाथ नहीं लगाया. घर के पूजा कक्ष में प्रवेश करने के बावजूद वहां से भी कोई सामान चोरी नहीं हुआ.
घटना को लेकर इलाके में चिंता है. स्थानीय लोगों का दावा है कि कुछ दिन पहले इसी बीजपुर ग्राम में एसबीआइ बैंक के पास भी चोरी का प्रयास हुआ था. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. अब चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है.

0 टिप्पणियाँ