देवेंद्र कुमार पांडेय बने अध्यक्ष, विजय कुमार सिंह को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी; संगठन के नाम पर दूसरे गुट के इस्तेमाल को बताया गैरकानूनी
जामुड़िया-इंडियन नेशनल माइंस ऑफिशियल एंड सुपरवाइजरी स्टाफ एसोसिएशन (इनमोसा) की नई केंद्रीय कमेटी के गठन के बाद शुक्रवार को बोगड़ा स्थित दुर्गा मंदिर के समीप एरिया कमेटी सातग्राम के सभागार में संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया गया।ल. इस दौरान संगठन की नई केंद्रीय कमेटी के 13 पदाधिकारियों के नामों की औपचारिक घोषणा की गई. करीब 25 साल बाद नई कमेटी गठित होने से संगठन के सदस्यों में उत्साह देखा जा रहा है.
नई कमेटी में ईसीएल के देवेंद्र कुमार पांडेय को केंद्रीय अध्यक्ष बनाया गया है. वहीं, सीसीएल के विजय कुमार सिंह को राष्ट्रीय महासचिव और ईसीएल के कपिल देव राम को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है. उपाध्यक्ष पद पर एसईसीएल के अनिल कुमार उपाध्याय, एनसीएल के आरबी सिंह और बीसीसीएल के अजीत कुमार सिंह को नियुक्त किया गया है. ईसीएल के समीर चक्रवर्ती उपमहासचिव होंगे. संयुक्त सचिव के रूप में एसईसीएल के विजय कुमार मौर्य और सीसीएल के सुधीर कुमार को जिम्मेदारी दी गई है. एनसीएल के तनुज कुमार आनंद और सीसीएल के अवधेश कुमार संगठन सचिव, जबकि ईसीएल के शीतल यादव सहायक सचिव बनाए गए हैं जयंत कुमार मित्र को सहायक कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है.
संवाददाता सम्मेलन में संगठन के नेताओं ने कहा कि इनमोसा कोल इंडिया के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहा है.संगठन को उम्मीद है कि कोल इंडिया आने वाले दिनों में और तरक्की करेगा तथा अधिकारियों और सुपरवाइजरी स्टाफ के करियर ग्रोथ, कल्याण और अन्य सुविधाओं में उनके प्रतिनिधित्व का ध्यान रखेगा.
नेताओं ने दावा किया कि संगठन का पंजीकरण नवीनीकृत कराने और बायलॉज सहित आवश्यक दस्तावेज तैयार करने के बाद नई कमेटी की घोषणा की गई है.उन्होंने कहा कि इनमोसा के नाम और लेटरहेड का इस्तेमाल करने का अधिकार किसी अन्य संगठन को नहीं है. ऐसा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की बात भी कही गई. इस दौरान दिवंगत नेता जीवन बनर्जी के समर्थन में नारे लगाए गए.

0 टिप्पणियाँ