किसान के घर चार सदस्यीय टीम ने की तलाशी, बेटे के लापता होने से बढ़ा रहस्य
बंशीहारी, 29 सितंबर : असम के एक आतंकी संगठन से जुड़े मामले की जांच के सिलसिले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने मंगलवार को दक्षिण दिनाजपुर जिले के बंशीहारी में एक किसान के घर पर छापेमारी की। NIA की चार सदस्यीय टीम ने बंशीहारी थाना क्षेत्र के कुशकारी इलाके के मंदापाड़ा में मिजानुर रहमान के घर की तलाशी ली। टीम के साथ बंशीहारी थाने की पुलिस भी मौजूद रही। कार्रवाई की खबर फैलते ही इलाके में हलचल मच गयी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, असम के आतंकी संगठन से जुड़े मामले की जांच के दौरान मिजानुर के परिवार का नाम सामने आया था। इसी के आधार पर घर में तलाशी ली गयी। जांच अधिकारियों ने कई कमरों और अन्य स्थानों की बारीकी से जांच की। हालांकि, छापेमारी में क्या बरामद हुआ, इसकी जानकारी NIA या पुलिस ने नहीं दी है।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, मिजानुर का बेटा मुजीबुर रहमान उच्च शिक्षा के लिए लंबे समय से घर से बाहर था और यूपीएससी की तैयारी कर रहा था। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ आतंकी संगठन से कथित संबंध के आरोप हैं। बताया गया कि वह जनवरी तक घर पर था, लेकिन उसके बाद से उसका नियमित रूप से कोई पता नहीं चला।
NIA की कार्रवाई के बाद मुजीबुर के ठिकाने और असम के मामले से उसके कथित संबंध को लेकर सवाल उठ रहे हैं। जांच एजेंसी ने फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।


0 टिप्पणियाँ