15 दिनों में उर्दू बोर्ड दोबारा नहीं लगा, तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी
आसनसोल। आसनसोल नगर निगम के डिस्प्ले बोर्ड से उर्दू भाषा का साइन बोर्ड हटाये जाने को लेकर संगठन ‘आवाज’ ने विरोध जताया है। संगठन की ओर से सोमवार को आसनसोल नगर निगम के कमिश्नर को ज्ञापन सौंपकर उर्दू साइन बोर्ड को दोबारा लगाने की मांग की गयी। संगठन के नेताओं ने चेतावनी दी कि निर्धारित समय में बोर्ड नहीं लगाया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जायेगा।
संगठन के नेताओं के अनुसार, आसनसोल नगर निगम के साइन बोर्ड पर पहले चार भाषाओं में नाम प्रदर्शित किया जाता था। उनका दावा है कि उर्दू का बोर्ड पिछले 25-30 वर्षों से वहां लगा हुआ था, जिसे हाल में हटा दिया गया। इसे लेकर अल्पसंख्यक समुदाय समेत अन्य लोगों में भी नाराजगी है।
ज्ञापन कार्यक्रम का नेतृत्व आवाज पश्चिम बर्दवान के जिला अध्यक्ष अधिवक्ता प्रशांत घोष, जिला कार्यकारी अध्यक्ष मोहम्मद सलाहुद्दीन तथा जिला सचिव नुमान असफर खान ने किया। इस दौरान संगठन के दर्जनों नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।
ज्ञापन सौंपने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए अधिवक्ता प्रशांत घोष ने कहा कि उर्दू बोर्ड को दोबारा लगाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन को 10 से 15 दिनों का समय दिया गया है। इस अवधि में यदि बोर्ड नहीं लगाया गया, तो संगठन की ओर से आंदोलन शुरू किया जायेगा।
संगठन के नेताओं ने कहा कि भाषा किसी समुदाय के अधिकार और सम्मान से जुड़ा विषय है। इसलिए नगर निगम प्रशासन को मामले पर गंभीरता से विचार करते हुए पुराने साइन बोर्ड को पुनः लगाने की पहल करनी चाहिए।



0 टिप्पणियाँ