समय पर रेफर नहीं करने का आरोप, मौत के बाद अस्पताल परिसर में हंगामा
जामुड़िया- निघा निवासी 53 वर्षीय हरजिंदर कौर की बुधवार शाम आसनसोल स्थित लाइफलाइन अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी. महिला को सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था.परिजनों के अनुसार, इलाज के दौरान उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती गयी.स्थिति गंभीर होने पर मरीज के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन से उन्हें किसी अन्य अस्पताल में रेफर करने की मांग की थी.
परिजनों का आरोप है कि बार-बार अनुरोध के बावजूद अस्पताल प्रबंधन की ओर से समय पर रेफर करने की कार्रवाई नहीं की गयी. बाद में बुधवार शाम अस्पताल की ओर से हरजिंदर कौर को मृत घोषित कर दिया गया. महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गये और अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में कथित लापरवाही का आरोप लगाते हुए जांच की मांग करने लगे. इस दौरान अस्पताल परिसर में हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गयी.
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. परिजनों का आरोप है कि अस्पताल की कथित लापरवाही और समय पर रेफर नहीं किये जाने के कारण महिला की जान गयी. हालांकि, मौत की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.फिलहाल अस्पताल प्रबंधन की ओर से मामले को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.


0 टिप्पणियाँ