ड्राइवरों को तेज रफ्तार, खतरनाक ओवरटेकिंग व मोबाइल के इस्तेमाल से बचने की हिदायत
जामुड़िया : सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने को लेकर बुधवार को जामुड़िया ट्रैफिक गार्ड कार्यालय में मिनीबस मालिकों के साथ एसीपी ट्रैफिक जयंतो बाग ने बैठक की.बैठक में जामुड़िया से रानीगंज एवं आसनसोल के बीच चलने वाली मिनीबसों के परिचालन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गयी. इस दौरान यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के साथ-साथ सड़क पर सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये.
एसीपी ट्रैफिक जयंतो बाग ने मिनीबस चालकों एवं खलासियों को यात्रियों के साथ शालीन एवं सहयोगपूर्ण व्यवहार करने की हिदायत दी. उन्होंने कहा कि सार्वजनिक परिवहन में सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है.चालकों को यातायात नियमों का पालन करते हुए वाहन चलाने तथा अनावश्यक तेज रफ्तार और खतरनाक तरीके से ओवरटेकिंग से बचने का निर्देश दिया गया. उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही से वाहन चलाने के कारण दुर्घटनाओं की स्थिति उत्पन्न हो सकती है.
जर्जर सड़कों पर विशेष सावधानी बरतने का निर्देश
एसीपी जयंतो बाग ने कहा कि लगातार हो रही बारिश के कारण जामुड़िया सहित आसपास के कई इलाकों की सड़कें जर्जर हो गयी हैं.ऐसी स्थिति में वाहन चालकों को सड़क की स्थिति को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि बरसात समाप्त होने के बाद प्रशासनिक स्तर पर संबंधित विभागों के साथ बातचीत कर जर्जर सड़कों की मरम्मत कराने की पहल की जायेगी. तब तक वाहन चालकों को गति नियंत्रित रखते हुए वाहन चलाने का निर्देश दिया गया, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके.
निर्धारित स्थानों पर ही बस रोकने की अपील
जामुड़िया ट्रैफिक गार्ड के इंचार्ज सुकांत दास ने कहा कि मिनीबस चालक यातायात व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं. उन्होंने चालकों से यात्रियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने और बसों को निर्धारित स्थानों पर ही रोकने की अपील की.उन्होंने नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने तथा यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करने की सलाह दी.
सुकांत दास ने कहा कि ट्रैफिक पुलिस का उद्देश्य वाहन चालकों को परेशान करना नहीं, बल्कि यात्रियों, वाहन चालकों और सड़क पर आवागमन करने वाले सभी लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है. बैठक में मिनीबस मालिकों के अलावा संबंधित अधिकारी भी मौजूद थे.


0 टिप्पणियाँ