तीन दिनों में 400 कुत्तों को लगेगा टीका, पूरे जिले में चल रहा अभियान
रानीगंज- विश्व रेबीज दिवस के अवसर पर पश्चिम बंगाल सरकार के पशु संसाधन विकास विभाग की ओर से रानीगंज में रास्ते के कुत्तों के एंटी-रेबीज टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गयी. रानीगंज विधानसभा के विधायक पार्थो घोष की उपस्थिति में कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया. विभाग के अनुसार, अभियान के तहत आने वाले तीन दिनों में रानीगंज के विभिन्न वार्डों में करीब 400 रास्ते के कुत्तों को टीका लगाया जायेगा.वहीं, रानीगंज में यह अभियान सात दिनों तक चलेगा.
इस मौके पर रानीगंज ब्लॉक प्राणी संपद विकास अधिकारी डॉ. मानिक रतन पायरा ने बताया कि विश्व रेबीज दिवस के तहत यह अभियान वर्ष 2007 से दुनिया भर में चलाया जा रहा है. उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष सरकार की ओर से 100 डोज वैक्सीन आवंटित की गयी थी, जबकि इस वर्ष विश्व रेबीज दिवस के अवसर पर 200 डोज उपलब्ध करायी गयी हैं.इसके अलावा विभाग के पास अतिरिक्त वैक्सीन भी मौजूद है.आने वाले दिनों में रानीगंज के विभिन्न वार्डों में 400 और डोज उपलब्ध कराये जायेंगे.
डॉ. पायरा ने कहा कि रेबीज का वायरस सामान्य तौर पर कुत्ते, बिल्ली और सियार जैसे जानवरों में पाया जाता है.मनुष्य और कुत्तों का लंबे समय से सह-अस्तित्व रहा है. इसलिए कुत्तों में ही रेबीज की रोकथाम करना मानव स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए भी महत्वपूर्ण है.
उन्होंने बताया कि पूरी दुनिया ने वर्ष 2030 तक रेबीज से होने वाली मानव मृत्यु को शून्य करने का लक्ष्य रखा है.इसी उद्देश्य से टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है.


0 टिप्पणियाँ