कोलकाता, हावड़ा समेत सात नगर निकायों में मतदान के संकेत, 29 सितंबर से होगी ईवीएम की एफएलसी
कोलकाता, 25 सितंबर। पश्चिम बंगाल में आगामी नगर निकाय चुनावों की तैयारियां तेज हो गयी हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनावी प्रक्रिया को लेकर जिलाधिकारियों और जिला नगर निर्वाचन अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक के बाद राज्य निर्वाचन आयुक्त कृष्णा गुप्ता ने संकेत दिया कि नवंबर में पहले चरण का मतदान कराया जा सकता है। हालांकि, मतदान की अंतिम तारीख की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है।
पहले चरण में कोलकाता, हावड़ा, बाली, कालिम्पोंग, कर्सियांग, धुपगुड़ी और हल्दिया समेत सात नगर निकायों में चुनाव कराने की योजना है। चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी राज्य पुलिस बल के पास रहेगी।
अक्टूबर में आरक्षण प्रक्रिया
कोलकाता और हावड़ा नगर निगमों में सीट आरक्षण से संबंधित फॉर्म-बी का प्रकाशन सात अक्टूबर को किया जायेगा। अन्य नगरपालिकाओं में आरक्षण प्रक्रिया छह अक्टूबर तक पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।
भारतीय निर्वाचन आयोग से मिली ईवीएम संबंधित जिलों में पहुंच चुकी हैं। 29 सितंबर से छह अक्टूबर तक इनकी फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) होगी। ईवीएम की आवाजाही और प्रबंधन की निगरानी के लिए ईएमएमएस एप का इस्तेमाल किया जायेगा।
6,300 बूथों पर 37 हजार कर्मी
एक जुलाई 2026 तक अपडेट मतदाता सूची का प्रारूप अक्टूबर के दूसरे सप्ताह और अंतिम सूची नवंबर के पहले सप्ताह में जारी होने की बात कही गयी है। करीब 6,300 मतदान केंद्रों के लिए 37 हजार से अधिक मतदान कर्मियों की तैनाती होगी। प्रत्येक बूथ पर 1+3 के अनुपात में कर्मी रहेंगे। सभी बूथों पर न्यूनतम आवश्यक सुविधाओं की भी जांच होगी। चुनाव की घोषणा के साथ संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू होगी।

0 टिप्पणियाँ