रानीगंज- लायंस क्लब ऑफ रानीगंज, की ओर से शिक्षक दिवस एवं मैगजीन माह 2026 के अवसर पर शिक्षकों तथा संवाद माध्यम से जुड़े पत्रकारों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता क्लब के अध्यक्ष लायन सजन कुमार टिबरेवाल ने की.उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस और मैगजीन माह के दौरान शिक्षकों को सम्मानित करना क्लब की परंपरा रही है. इसी क्रम में पत्रकारों को भी सम्मानित किया जाता है.
कार्यक्रम की शुरुआत लायन प्रीति खेतान की ओर से ईश्वर वंदना एवं प्रार्थना से हुई.इसके बाद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की तस्वीर पर माल्यार्पण किया गया.अध्यक्ष सजन कुमार टिबरेवाल ने स्वागत भाषण दिया.
लायन सुनील गनेरीवाला ने सीयारसोल राज हाई स्कूल के सहायक शिक्षक विकास साधुखान का परिचय कराया और उन्हें स्मृति चिह्न प्रदान किया. लायन सुशील गनेरीवाला ने रानीगंज लायंस जे.डी.एम.सी. डीएवी पब्लिक स्कूल के शिक्षक सुदर्शन चंद एवं शंपा मुखर्जी का परिचय कराते हुए सम्मानित किया, वहीं, लायन राजेश साव ने इकड़ा फ्री प्राइमरी स्कूल के प्रधानाध्यापक राजीव रॉय का परिचय कराया और स्मृति चिह्न भेंट किया.
अपने संबोधन में शिक्षक राजीव रॉय ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षकों के सामने नई चुनौतियां हैं. छात्रों की मनोवृत्ति में बदलाव तथा सोशल मीडिया और मोबाइल के बढ़ते प्रभाव के बीच शिक्षकों को स्वयं को प्रभावी रूप में प्रस्तुत करना होगा. उन्होंने शिक्षकों की भूमिका और जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला.
लायन मधु साव ने अन्य शिक्षकों को सम्मानित किया. कार्यक्रम का संचालन मनजीत सिंह ने किया. सचिव लायन सुभाष कुमार केजरीवाल ने धन्यवाद ज्ञापन किया. राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ.




0 टिप्पणियाँ