बच्चों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा, मानव सेवा के प्रति जागरूकता का दिया संदेश
जामुड़िया-प्रधानमंत्री के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में भारत सरकार एवं पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से चलाये जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को जामुड़िया हिंदी हाई स्कूल में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में चित्रांकन प्रतियोगिता के साथ-साथ सामाजिक सेवा से जुड़े विषयों पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गयी. प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया.
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के सम्मान से हुई। स्कूल की ओर से अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया. इस दौरान विद्यार्थियों ने सेवा संकल्प अभियान के तहत किये जाने वाले सामाजिक कार्यों और मानव सेवा के महत्व पर अपने विचार रखे.
स्कूल के प्रधानाध्यापक रोहनराम रजक ने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्म दिवस के अवसर पर भारत सरकार एवं पश्चिम बंगाल सरकार की पहल पर विभिन्न स्कूलों में सेवा संकल्प अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं. इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी और मानव सेवा की भावना विकसित करना है. अभियान के तहत स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाने के साथ जरूरतमंद लोगों की सहायता करने का संदेश दिया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से स्कूल में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने काफी उत्साह दिखाया.कार्यक्रम के दौरान बच्चों में खुशी का माहौल रहा.
मौके पर सुरेश पांडे, संतोष प्रसाद, विनोद साव, करण जीताती, प्रोबीर सरकार, नीरज कुमार शर्मा, अश्विनी कुमार सिंह, कौशलेश कुमार सिंह, मोनिका वर्मा, प्रतिमा कपूर चौहान, रणवीर कुमार महतो और उत्तम मुखर्जी सहित अन्य उपस्थित थे.



0 टिप्पणियाँ