जामुड़िया के दरबारडांगा बालू घाट से 100 सीएफटी बालू 1200 रुपये में आपूर्ति, परिवहन शुल्क अलग
जामुड़िया- लंबे समय से बालू की कमी के कारण अटके आवास योजना के मकानों के निर्माण कार्य को अब कुछ राहत मिलने की उम्मीद जगी है. प्रशासनिक स्तर पर बालू की कीमत निर्धारित किये जाने के बाद शुक्रवार को जामुड़िया के दरबारडांगा स्थित रिलायंस बालू घाट से आवास योजना के लिए बालू की आपूर्ति शुरू की गयी. 100 सीएफटी बालू की कीमत 1200 रुपये निर्धारित की गयी है.इसके अलावा परिवहन शुल्क लिया जा रहा है.निर्धारित नियमों के तहत चालान के साथ बालू ले जाने की व्यवस्था की गयी.
बालू की आपूर्ति बाधित रहने के कारण आवास योजना के तहत स्वीकृत कई मकानों का निर्माण कार्य लंबे समय से प्रभावित था. सरकारी योजना में घर स्वीकृत होने के बावजूद निर्माण सामग्री के महत्वपूर्ण घटक बालू की उपलब्धता नहीं होने से लाभुक परेशान थे. प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद अब सीधे बालू घाट से आपूर्ति शुरू होने से निर्माण कार्य दोबारा शुरू होने की उम्मीद बनी है.
इससे पहले पश्चिम बर्दवान के जिलाधिकारी कार्यालय में बालू की समस्या को लेकर महत्वपूर्ण बैठक हुई थी. इसमें महकमा शासक, विधायक, बीडीओ, एसडीओ, बीएलआरओ, डीएलआरओ तथा कई बालू घाट मालिक मौजूद थे. बैठक में स्पष्ट किया गया था कि 100 सीएफटी बालू की कीमत 1200 रुपये होगी और परिवहन शुल्क अलग से लिया जायेगा. प्रशासन ने बालू आपूर्ति में बिचौलियों और दलालों की भूमिका पर भी कड़ी नजर रखने की बात कही थी.
शुक्रवार को दरबारडांगा के रिलायंस बालू घाट से चालान के साथ बालू की आपूर्ति शुरू होने के बाद अब नजर इसकी निरंतरता पर है.निर्धारित दर पर नियमित आपूर्ति होने से आवास योजना के रुके कार्यों में तेजी आ सकती है. हालांकि, परिवहन लागत, नियमित आपूर्ति और बिचौलियों की संभावित सक्रियता पर प्रशासन को निगरानी रखनी होगी.


0 टिप्पणियाँ