जोनल कमेटी और बंगाल-झारखंड-ओडिशा रीजनल कमेटी में थे सक्रिय, 75 से अधिक मामले दर्ज
बांकुड़ा- बांकुड़ा में बुधवार को माओवादी संगठन के तीन शीर्ष नेताओं ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया.इनमें जाबा महतो उर्फ बुलू उर्फ गोरी, नयनतारा साहू उर्फ मीता उर्फ झूमा और रामप्रसाद मंडी उर्फ सचिन शामिल हैं. तीनों ने बांकुड़ा पुलिस लाइन स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में पश्चिमी क्षेत्र के एडीजी के समक्ष आत्मसमर्पण किया.
बांकुड़ा जिला पुलिस के अनुसार, जाबा महतो और नयनतारा साहू माओवादी संगठन की जोनल कमेटी की सदस्य थीं, जबकि रामप्रसाद मंडी संगठन की बंगाल-झारखंड-ओडिशा रीजनल कमेटी का सदस्य था. पुलिस के मुताबिक, तीनों लंबे समय से माओवादी गतिविधियों में सक्रिय थे.
पुलिस के अनुसार, इनका प्रभाव केवल बांकुड़ा तक सीमित नहीं था. तीनों पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा, पुरुलिया, झाड़ग्राम और पश्चिम मेदिनीपुर के जंगलमहल क्षेत्र के अलावा पड़ोसी झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के कोल्हान क्षेत्र में भी सक्रिय रहे हैं.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आत्मसमर्पण के दौरान माओवादी संगठन से संबंधित हथियार और गोला-बारूद भी जमा किये जाने की संभावना है. इनमें 10 मैगजीन और 154 राउंड कारतूस शामिल हैं.
पुलिस के मुताबिक, आत्मसमर्पण करने वाले इन तीनों शीर्ष माओवादी नेताओं के खिलाफ 75 से अधिक मामले दर्ज हैं.इनमें यूएपीए के अलावा आर्म्स एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामले भी शामिल हैं. पुलिस अब आत्मसमर्पण के बाद इनके खिलाफ दर्ज मामलों और संगठन में इनकी भूमिका से जुड़ी जानकारियों को भी खंगाल रही है.


0 टिप्पणियाँ