125 माइक्रोन से कम मोटाई वाले प्लास्टिक के इस्तेमाल पर जुर्माना, आगे कड़ी कार्रवाई की तैयारी
रानीगंज : सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए आसनसोल नगर निगम की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है. मंगलवार को आसनसोल नगर निगम के सैनिटरी विभाग के इंस्पेक्टर के नेतृत्व में रानीगंज शहर की विभिन्न दुकानों में विशेष जांच अभियान चलाया गया. खास तौर पर खाद्य सामग्री बेचने वाली दुकानों में इस्तेमाल किये जा रहे प्लास्टिक और पैकेजिंग की जांच की गयी.
अभियान के दौरान निगम अधिकारियों ने दुकानदारों द्वारा खाद्य सामग्री की पैकिंग के लिए इस्तेमाल किये जा रहे प्लास्टिक की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों की जांच की. अधिकारियों ने बताया कि एक सितंबर से इस तरह का अभियान लगातार चलाया जा रहा है. नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों पर जुर्माना लगाया जा रहा है.साथ ही दुकानदारों को खाद्य सामग्री की बिक्री के लिए उचित पैकेजिंग व्यवस्था अपनाने की हिदायत दी जा रही है.
निगम अधिकारियों के अनुसार, लगातार जागरूकता अभियान और जांच के कारण रानीगंज क्षेत्र में सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल में काफी कमी आयी है. हालांकि, लोगों की ओर से यह सवाल भी उठाया जा रहा है कि जब प्रतिबंधित प्लास्टिक का इस्तेमाल करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है, तो इसका उत्पादन करने वाली फैक्ट्रियों पर कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है.
इस पर निगम अधिकारियों का कहना है कि प्रतिबंधित प्लास्टिक का इस्तेमाल कम होने पर इसकी मांग भी घटेगी और ऐसी अवैध फैक्ट्रियां स्वतः बंद होने लगेंगी. अधिकारियों ने कहा कि प्रतिबंधित प्लास्टिक का इस्तेमाल रोकना समाज और पर्यावरण दोनों के हित में है. इससे प्रदूषण कम होने के साथ लोगों के स्वास्थ्य की भी रक्षा होगी और अवैध प्लास्टिक उत्पादन पर भी अंकुश लगेगा.
दो महीने से चल रहा जागरूकता अभियान
आसनसोल नगर निगम की ओर से बताया गया कि करीब दो महीने से लगातार जागरूकता अभियान चलाकर दुकानदारों और आम लोगों को प्रतिबंधित प्लास्टिक के इस्तेमाल से होने वाले नुकसान के बारे में बताया जा रहा है. निगम क्षेत्र में 125 माइक्रोन से कम मोटाई वाले प्लास्टिक के इस्तेमाल पर प्रतिबंध है. जहां भी इस तरह के प्लास्टिक का इस्तेमाल पाया जा रहा है, वहां नियमानुसार जुर्माना लगाया जा रहा है.
अधिकारियों ने संकेत दिया कि आने वाले दिनों में केवल जुर्माने तक कार्रवाई सीमित नहीं रहेगी.नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अन्य दंडात्मक कार्रवाई पर भी विचार किया जा रहा है.कुछ मामलों में भारी जुर्माना लगाने की भी तैयारी है.



0 टिप्पणियाँ