रानीगंज-ईसीएल के कुनुस्तोड़िया क्षेत्र में चल रहे हिंदी माह के तहत बुधवार को राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की जयंती के अवसर पर हिंदी कार्यशाला का आयोजन किया गया. क्षेत्रीय महाप्रबंधक अमित कुमार सिन्हा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ हिंदी साहित्यकार शिव कुमार यादव विशेषज्ञ वक्ता के रूप में उपस्थित रहे.इस दौरान क्षेत्रीय प्रबंधन की ओर से महाप्रबंधक अमित कुमार सिन्हा ने उन्हें सम्मानित किया.
कार्यक्रम की शुरुआत महाप्रबंधक अमित कुमार सिन्हा के नेतृत्व में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की तस्वीर पर माल्यार्पण कर की गयी. इसके बाद उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए महाप्रबंधक ने दिनकर के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया. उन्होंने कहा कि हिंदी साहित्यकारों को सम्मानित करने की परंपरा के तहत शिव कुमार यादव को सम्मानित करते हुए गौरव का अनुभव हो रहा है. कोयलांचल में रहते हुए उन्होंने एक दर्जन से अधिक कथा व काव्य संग्रह, उपन्यास तथा राष्ट्रीय पत्रिकाओं में रचनाओं के माध्यम से हिंदी साहित्य की उल्लेखनीय सेवा की है.
वरिष्ठ साहित्यकार शिव कुमार यादव ने दिनकर को नमन करते हुए कुनुस्तोड़िया क्षेत्रीय प्रबंधन की पहल की सराहना की. उन्होंने कहा कि कोयला उद्योग में इस तरह के साहित्यिक आयोजन हिंदी भाषा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं. उन्होंने हिंदी भाषा के विविध स्वरूप, व्यापकता और उसकी समृद्ध साहित्यिक परंपरा पर विस्तार से प्रकाश डाला.


0 टिप्पणियाँ