जमुरिया की गिरमिट कोलियरी के 10 नंबर इलाके में ईसीएल की कार्रवाई
जामुड़िया जामुड़िया थाना क्षेत्र अंतर्गत गिरमिट कोलियरी के 10 नंबर इलाके में ईसीएल की ओर से गुरुवार को जर्जर एवं खतरनाक हो चुके आठ सी-टाइप क्वार्टरों को बुलडोजर की मदद से ध्वस्त कर दिया गया. इन क्वार्टरों में पहले कुछ लोग रहा करते थे. ईसीएल प्रबंधन की ओर से उन्हें घर खाली करने का नोटिस दिया गया था. क्वार्टर खाली होने के बाद प्रबंधन ने इन्हें तोड़ दिया.
कार्रवाई के दौरान ईसीएल की ओर से जयश्री यादव, रणवीर राठौड़, सर्वेयर संजय चटर्जी समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे. वहीं, जामुड़िया थाने की पुलिस तथा ईसीएल के सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी में सभी जर्जर क्वार्टरों को ध्वस्त किया गया.
ईसीएल की अधिकारी जयश्री यादव ने बताया कि ये क्वार्टर काफी पुराने और जर्जर हो चुके थे. उनकी स्थिति ऐसी हो गयी थी कि किसी भी समय दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी. बावजूद इसके कुछ लोग इन जर्जर मकानों में रह रहे थे। प्रबंधन की ओर से उन्हें मकान खाली करने के लिए कहा गया. लोगों के घर खाली करने के बाद गुरुवार को बुलडोजर की मदद से क्वार्टरों को ध्वस्त कर दिया गया, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की दुर्घटना न हो.
सर्वेयर संजय चटर्जी ने बताया कि आठ सी-टाइप क्वार्टरों की हालत काफी खराब हो चुकी थी और ये आसपास रहने वाले लोगों के लिए भी खतरा बन गये थे.पहले इनमें कुछ लोग रहते थे, लेकिन अब सभी क्वार्टर खाली थे. इसी कारण गुरुवार को इन्हें बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया.

0 टिप्पणियाँ