![]() |
| बेलबाद कोल् साइडिंग में रोके गए ट्रक |
जामुड़िया-जामुड़िया थाना क्षेत्र के बेलबाद कोलियरी में दुर्गापूजा चंदे के नाम पर डीओ (डिस्पैच ऑर्डर) के माध्यम से कोयला लोड कराने पहुंचे ट्रकों से 2500 रुपये मांगने का आरोप सामने आया है. आरोप है कि चंदे की राशि देने से इनकार करने पर कोयला लदे ट्रकों को कोलियरी परिसर में ही रोक दिया जा रहा था. घटना को लेकर इलाके में चर्चा तेज हो गयी है.
जानकारी के अनुसार, शनिवार से बेलबाद कोलियरी में कोयला लोड कराने पहुंचे पांच ट्रक खड़े थे. आरोप है कि बेलबाद इलाके के कुछ लोगों ने इन ट्रकों से दुर्गापूजा चंदे के नाम पर कथित तौर पर जबरन राशि की मांग की. मामले की जानकारी मिलने के बाद डीओ संगठन की ओर से संबंधित थाने को इसकी सूचना दी गयी.
सूत्रों के अनुसार, रविवार दोपहर करीब एक बजे लोड किये गये कुछ ट्रकों से 500-500 रुपये दुर्गापूजा चंदे के रूप में लिये जाने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया. बताया जा रहा है कि कोलियरी में रोके गये सभी कोयला लदे ट्रकों को अब छोड़ दिया गया है.
डीओ संगठन रानीगंज कोल् ट्रेडर्स एसोसिएशन ओर से पुलिस को मामले की जानकारी दिये जाने के बाद स्थिति सामान्य होने की बात सामने आ रही है.हालांकि, दुर्गापूजा चंदे के नाम पर कथित तौर पर जबरन राशि मांगने के आरोप को लेकर क्षेत्र में चर्चा और विवाद का माहौल बना हुआ है.



0 टिप्पणियाँ