विधायक पार्थ घोष ने कहा- बेहतर गुणवत्ता की हैं साइकिलें, सभी समुदायों के विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
रानीगंज: रॉबिन सेन स्टेडियम में मंगलवार को पश्चिम बंगाल सरकार की सारथी योजना के तहत छात्र-छात्राओं को साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में रानीगंज के विधायक पार्थ घोष और अतिरिक्त निरीक्षक देवाशीष गोस्वामी समेत अन्य लोग मौजूद थे. रानीगंज नगरपालिका क्षेत्र के 11 स्कूलों के कक्षा नौ के कुल 2041 विद्यार्थियों को योजना के तहत साइकिल दी जायेगी.
विधायक पार्थ घोष ने कहा कि साइकिल मिलने से विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने के साथ ट्यूशन जाने में भी सुविधा होगी. उन्होंने कहा कि माध्यमिक परीक्षा भी नजदीक है, ऐसे में विद्यार्थियों के लिए यह योजना काफी उपयोगी है. उन्होंने साइकिलों की गुणवत्ता बेहतर होने का दावा करते हुए कहा कि उन्होंने स्वयं साइकिलों की गुणवत्ता की जांच की है.
विधायक ने पिछली सरकार के कार्यकाल में वितरित साइकिलों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि उस समय कई साइकिलें कुछ दिनों में ही खराब हो जाती थीं.मौजूदा साइकिलों में टायर, रिम, मडगार्ड, चेन, बेल और रॉड समेत सभी हिस्सों की गुणवत्ता बेहतर है.उन्होंने बताया कि साइकिलें करीब 10-15 दिनों से स्टोर में रखी थीं, लेकिन बारिश के बावजूद उनमें जंग नहीं लगी.
उन्होंने कहा कि प्रत्येक साइकिल का नंबर और रिकॉर्ड दर्ज किया जा रहा है. इससे साइकिल बेचने का प्रयास करने पर संबंधित व्यक्ति की पहचान की जा सकेगी.कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावक भी मौजूद रहे. विधायक ने कहा कि योजना का लाभ सभी समुदायों के विद्यार्थियों को बिना भेदभाव दिया जा रहा है.
पूजा से पहले सड़कों की मरम्मत: रानीगंज की खराब सड़कों के सवाल पर विधायक ने कहा कि कई इलाकों में मरम्मत का काम शुरू हो चुका है. पूजा से पहले चरणबद्ध तरीके से अधिक से अधिक सड़कों की मरम्मत पूरी करने का प्रयास किया जा रहा है.


0 टिप्पणियाँ