कोलकाता: पश्चिम बंगाल के बर्धमान-दुर्गापुर लोकसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के सांसद कीर्ति आजाद मंगलवार को कोलकाता स्थित सीआईडी (CID) मुख्यालय भवानी भवन में पेश हुए। यह मामला पिछले साल एक व्यवसायी से कथित तौर पर 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और धमकी देने से जुड़ा हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार, कलकत्ता हाईकोर्ट के निर्देश और दिए गए सुरक्षा कवच के तहत तृणमूल सांसद आज जांच अधिकारियों के सामने हाजिर हुए। इससे पहले अदालत ने उन्हें मामले की जांच में पूरा सहयोग करने का निर्देश दिया था। मामला पिछले साल 21 मई का है, जब एक व्यवसायी ने आरोप लगाया था कि उसे दुर्गापुर स्थित सांसद के बंगले पर बुलाकर उनके एक सहयोगी द्वारा 15 लाख रुपये की मांग की गई थी और रकम न देने पर उसका गैस कारोबार बंद करने की धमकी दी गई थी। इस घटना को लेकर बाद में एक प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई थी। हालांकि, सांसद कीर्ति आजाद ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए इसे राजनीतिक साजिश करार दिया है। अदालत में उनकी कानूनी टीम ने यह भी दलील दी कि कथित घटना के करीब 15 महीने बाद एफआईआर दर्ज कराई गई है और इस बात का कोई पुख्ता सबूत नहीं है। हाईकोर्ट के आदेशानुसार फिलहाल इस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया और पूछताछ जारी है।

0 टिप्पणियाँ