रानीगंज/जमुड़िया- ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर बुधवार को रानीगंज और जमुड़िया में मुस्लिम समुदाय की ओर से जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया. पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के यौम-ए-पैदाइश के मौके पर निकले इन जुलूसों में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया. इस दौरान पूरे इलाके में अकीदत और उत्साह का माहौल देखने को मिला.
रानीगंज में तारबंगला, गिरजापाड़ा, नबीनगर समेत विभिन्न मोहल्लों से जुलूस निकाला गया.प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्गों से गुजरते हुए जुलूस पीर बाबा मजार पहुंचा. यहां लोगों ने नबी-ए-पाक पर सलाम पढ़ा तथा देश-दुनिया में अमन-चैन और खुशहाली के लिए दुआ मांगी. जुलूस के मार्ग में जगह-जगह स्थानीय लोगों की ओर से सेवा शिविर लगाकर मिठाई, शरबत, पानी और खजूर का वितरण किया गया.
जुलूस को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए रानीगंज पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे.एतवारी मोड़ और मजार शरीफ सहित संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की गई थी.
वहीं, जमुड़िया में भी विभिन्न मुस्लिम मोहल्लों से विशाल जुलूस निकाला गया.6 नंबर मुस्लिम मोहल्ला, रजा-ए-मुस्तफा कमेटी, जमुड़िया मेन रोड, मोमिन मोहल्ला, हुसैन नगर, मस्जिद मोहल्ला, बैंकपाड़ा, रजा नगर, बेनाली, निमडांगा, मिश्रीडांगा, सायरपाड़ा, अखलपुर, ब्रिज, ट्रेन नंबर, पंप हाउस, पिटोरिया और ठेकेदार मोहल्ला समेत कई इलाकों से लोग जुलूस में शामिल हुए.
6 नंबर मुस्लिम मोहल्ला मस्जिद के इमाम मोहम्मद हबिबुल्लाह मिस्बाही ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी नबी के जन्मदिवस पर जुलूस निकाला गया, जिसमें क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों के लोगों ने हिस्सा लिया. उन्होंने बताया कि मंगलवार को जमुड़िया बाजार में सड़क दुर्घटना में 30 वर्षीय सनी गुप्ता की मौत हो गई थी. इस घटना को देखते हुए जुलूस के दौरान थाना मोड़ से जमुड़िया बाजार तक साउंड बॉक्स नहीं बजाया गया.जुलूस में शामिल लोगों ने मृतक के परिवार के प्रति सम्मान और संवेदना व्यक्त करते हुए यह संदेश दिया कि दुख की इस घड़ी में पूरा समाज उनके साथ है.
ईद मिलादुन्नबी के मौके पर रानीगंज और जमुड़िया में निकले जुलूसों ने जहां धार्मिक आस्था और भाईचारे का संदेश दिया, वहीं जमुड़िया में दुर्घटना को लेकर दिखाई गई संवेदनशीलता की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की.




0 टिप्पणियाँ