जामुड़िया: जामुड़िया स्तिथ दयाटेश्वर महादेव मंदिर परिसर में काशी की तर्ज पर भव्य महाआरती का आयोजन किया गया. महाआरती में जामुड़िया सहित आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे.भगवान भोलेनाथ के दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालु महाआरती में शामिल हुए. इस दौरान पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंज उठा.
महाआरती को काशी की परंपरा और स्वरूप के अनुरूप संपन्न कराने के लिए काशी विश्वनाथ मंदिर से पंडों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था.उनके द्वारा वैदिक एवं पारंपरिक विधि-विधान से महाआरती करायी गयी.आरती के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आये. भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना रहा.
आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया. कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की भी व्यवस्था की गयी थी. महाआरती के बाद बड़ी संख्या में लोगों के बीच प्रसाद एवं भंडारे का वितरण किया गया.
महाआरती में उमड़ी भीड़ को देखते हुए जामुड़िया थाना पुलिस की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गयी थी.बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गयी थी. पुलिस ने श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाये रखने में भी भूमिका निभायी.
आयोजन समिति के पार्थ पंडा ने कहा कि काशी की तर्ज पर महाआरती आयोजित करने का उद्देश्य क्षेत्र में धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण को मजबूत करना और सनातन संस्कृति एवं परंपराओं को आगे बढ़ाना है. उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों और श्रद्धालुओं के प्रति आभार जताया. कार्यक्रम में आयोजन समिति के सदस्यों के अलावा बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे.


0 टिप्पणियाँ