कृष्णनगर/नदिया : पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के नकाशीपाड़ा में कांग्रेस नेता अनीसुर रहमान और उनके बेटे अबू सुफियान की हत्या के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। शनिवार रात बेथुआडहरी बाजार से कार से घर लौटने के दौरान नागादी रेलवे गेट के पास बदमाशों ने उनकी गाड़ी को घेरकर बमबाजी और गोलीबारी की। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें बेथुआडहरी स्टेट जनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कृष्णनगर पुलिस जिले के एसपी अतुल वी. समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। हत्या के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
इधर, रविवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने शक्तिनगर जिला अस्पताल पहुंचकर मृतकों के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने घटना को सुनियोजित हत्याकांड बताते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाये। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर कड़ी सुरक्षा के बावजूद सरेआम दो लोगों की हत्या पुलिस के खुफिया तंत्र की विफलता है।
शुभंकर सरकार ने दावा किया कि अनीसुर रहमान के नेतृत्व में इलाके में कांग्रेस का जनाधार बढ़ रहा था और इसी वजह से राजनीतिक साजिश के तहत उनकी हत्या की गयी। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस और भाजपा पर भी मिलीभगत का आरोप लगाया। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा देने, आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और मामले में पुलिस की कार्रवाई सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि दोषियों की गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग को लेकर कांग्रेस राज्यव्यापी आंदोलन करेगी।



0 टिप्पणियाँ