रानीगंज- भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व स्वास्थ्य एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे रविवार को रानीगंज के पंजाबी मोड़ स्थित विधायक सेवा केंद्र पहुंचे. उनके पहुंचने पर स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला. रानीगंज के विधायक पार्थ घोष की मौजूदगी में पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया भाजपा नेता दिनेश सोनी, मोनू वर्मा, रणजीत केसरी और आनंद साव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने चौबे का अभिनंदन किया. इस दौरान दिनेश सोनी ने उन्हें उत्तरीय ओढ़ाकर सम्मानित किया.
कार्यक्रम के दौरान अश्विनी कुमार चौबे ने पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की. इसके बाद उन्होंने स्थानीय भाजपा नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की.
चर्चा के दौरान चौबे ने विधायक पार्थ घोष को रानीगंज में मिली जीत के लिए बधाई दी.उन्होंने कहा कि रानीगंज को कभी तृणमूल कांग्रेस और माकपा का गढ़ माना जाता था, लेकिन यहां भाजपा प्रत्याशी पार्थ घोष की जीत ने नई मिसाल कायम की है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत करने तथा आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया.
अश्विनी कुमार चौबे के दौरे और संबोधन से कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया. कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने और पार्टी के कार्यक्रमों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए पूरी एकजुटता के साथ काम करने का संकल्प लिया.



0 टिप्पणियाँ