बागुईआटी (पीबी टीवी ): बागुईआटी इलाके में एक बार फिर भीषण सड़क हादसा सामने आया है। मंगलवार रात केष्टोपुर स्थित वीआईपी रोड पर एक बेकाबू ट्रक की टक्कर से ऐप-बाइक पर सवार बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान नारायणतला निवासी राजा रथी (65) के रूप में हुई है। वहीं ऐप-बाइक चालक शिबेश झा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया और आक्रोशित स्थानीय लोगों ने वीआईपी रोड जाम कर पुलिस पर जमकर पथराव किया।पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मंगलवार रात राजा रथी बड़ाबाजार से ऐप-बाइक से अपने घर लौट रहे थे। उल्टोडांगा से एयरपोर्ट की ओर जाने वाली लेन में एक तेज रफ्तार ट्रक सड़क पर रखे गार्डरेल को बचाकर निकलने के चक्कर में बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार बैठा। हादसे में बाइक के पीछे बैठे बुजुर्ग की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई,
जबकि गंभीर रूप से घायल चालक शिबेश झा को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।घटना के बाद केष्टोपुर इलाके में स्थिति विस्फोटक हो गई। आक्रोशित निवासियों ने वीआईपी रोड को पूरी तरह जाम कर दिया। सूचना मिलने पर जब बागुईआटी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, तो भीड़ ने पुलिस को निशाना बनाकर ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए, जिससे इलाके में झड़प जैसी स्थिति बन गई। बाद में भारी पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया और यातायात बहाल कराया।

0 टिप्पणियाँ