जामुड़िया: आसनसोल नगर निगम के जामुड़िया बोरो-1 अंतर्गत वार्ड संख्या 5 के एबी पिट मोड़ से शिवमंदिर तक जाने वाले रास्ते पर पिछले कुछ दिनों से स्ट्रीट लाइट बंद रहने के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. शाम ढलते ही पूरा रास्ता अंधेरे में डूब जाता है. ऐसे में दुर्घटना के साथ-साथ चोरी व अन्य आपराधिक घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है.
इस मार्ग से एबी पिट इलाके के ऊपर धौड़ा, नीचे धौड़ा, स्टाफ पाड़ा, पार्वती धौड़ा, सीआईएसएफ कैंप, ताली धौड़ा, तीनतल्ला और मुंड पाड़ा समेत आसपास के इलाकों के सैकड़ों लोग रोजाना आवागमन करते हैं. बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भी ट्यूशन और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों से देर शाम घर लौटते हैं.अंधेरे के कारण विशेषकर महिलाओं और छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाओं की उम्मीद जगी थी, लेकिन स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधा के प्रभावित होने से उनमें निराशा है. लोगों ने प्रशासन और नगर निगम से जल्द से जल्द लाइटों की मरम्मत कर उन्हें चालू कराने की मांग की है.
स्थानीय नेता विश्वनाथ यादव ने कहा कि नगर निगम का कार्यकाल समाप्त होने से पहले निर्वाचित संस्थाओं के इस्तीफे और सत्ता परिवर्तन के बाद नागरिक सुविधाओं पर पड़ रहे असर को गंभीरता से देखा जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि बिजली, पानी, नाली और सड़क जैसी बुनियादी सेवाएं प्रभावित नहीं होनी चाहिए. एबी पिट मोड़ से शिवमंदिर तक स्ट्रीट लाइट बंद रहने से नागरिकों को परेशानी हो रही है। खासकर रात में ट्यूशन से लौटने वाले विद्यार्थियों को दिक्कत हो रही है. प्रकाश सुरक्षा के लिए भी जरूरी है और इसे पहरेदार की तरह काम करना चाहिए.
माकपा नेता विकास यादव ने कहा कि अंधेरे के कारण दुर्घटना और चोरी की आशंका बढ़ जाती है. महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन को तत्काल स्ट्रीट लाइट चालू कराने की व्यवस्था करनी चाहिए.
वहीं भाजपा जिला उपाध्यक्ष संतोष सिंह ने कहा कि यह समस्या अब तक उनके संज्ञान में नहीं थी जानकारी मिलने के बाद जल्द ही संबंधित स्तर पर समस्या के समाधान का प्रयास किया जाएगा. उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विधायक अपने विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने में जुटे हैं और नागरिकों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.


0 टिप्पणियाँ