विष्णुपुर, बांकुड़ा: अन्नपूर्णा योजना की राशि नहीं मिलने से नाराज महिलाओं ने बांकुड़ा जिले के विष्णुपुर एसडीओ कार्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोश इस कदर बढ़ गया कि महिलाओं ने महकमा शासक कार्यालय के सामने कुछ देर तक सड़क जाम कर विरोध जताया। बाद में विष्णुपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराया।
अन्नपूर्णा योजना को लेकर महिलाओं का असंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी का असर शुक्रवार को बांकुड़ा के विष्णुपुर महकमा शासक कार्यालय में देखने को मिला। योजना के तहत आवेदन करने के बावजूद जिन महिलाओं को अब तक राशि नहीं मिली है, वे इसका कारण जानने के लिए एसडीओ कार्यालय पहुंचीं।
समय बीतने के साथ कार्यालय परिसर में वंचित आवेदकों की भीड़ बढ़ती गयी। इसके बाद महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया और आक्रोशित महिलाओं ने महकमा शासक कार्यालय के सामने सड़क जाम कर दिया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि योजना के लिए आवेदन करने के बावजूद उन्हें राशि नहीं मिल रही है। वे प्रशासन से यह स्पष्ट करने की मांग कर रही थीं कि उनका आवेदन क्यों लंबित है और उन्हें योजना का लाभ कब तक मिलेगा।
सूचना मिलने पर विष्णुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाकर सड़क से हटाया। इसके बाद यातायात सामान्य हुआ। मामले को लेकर महिलाओं में अब भी काफी आक्रोश बना हुआ है।

0 टिप्पणियाँ