रानीगंज-बांकुड़ा जिले के अमरकानन की आशा कर्मी रुंपा मंडल की मौत को लेकर मंगलवार को रानीगंज ब्लॉक की आशा कर्मियों ने रानीगंज बीडीओ कार्यालय के समक्ष मौन प्रतिवाद किया. इस दौरान आशा कर्मियों ने एक मिनट का मौन रखकर दिवंगत रुंपा मंडल की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. इसके बाद सभी आशा कर्मी रानीगंज के बीएमओएच (ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर ऑफ हेल्थ) कार्यालय पहुंचीं और वहां भी मौन विरोध दर्ज कराया.
प्रदर्शन के दौरान आशा कर्मियों ने शालतोड़ा की भाजपा विधायक चंदना बाउरी के खिलाफ नाराजगी व्यक्त की.आशा कर्मी झीलिक मंडल ने आरोप लगाया कि विधायक चंदना बाउरी ने अमरकानन की आशा कर्मियों के साथ अपमानजनक व्यवहार किया था तथा सोशल मीडिया पर भी आशा कर्मियों के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी की थी. उनका दावा है कि इस घटना से रुंपा मंडल को गहरा मानसिक आघात पहुंचा, जिसके कारण उनकी मौत हो गई.
झीलिक मंडल ने कहा कि आशा कर्मियां दिन-रात मेहनत कर सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं. इसके अलावा उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं और स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रमों की जिम्मेदारी भी निभानी पड़ती है. ऐसे में जनप्रतिनिधि द्वारा इस तरह का व्यवहार पूरे आशा समुदाय का अपमान है.
उन्होंने मांग की कि विधायक चंदना बाउरी सार्वजनिक रूप से सोशल मीडिया के माध्यम से आशा कर्मियों से माफी मांगें तथा रुंपा मंडल की मृत्यु पर शोक और अफसोस व्यक्त करें.
प्रदर्शन के दौरान आशा कर्मियों ने कहा कि उनका यह कार्यक्रम दिवंगत सहकर्मी को श्रद्धांजलि देने और सम्मान की मांग को लेकर आयोजित किया गया है पूरे कार्यक्रम के दौरान आशा कर्मियों ने शांतिपूर्ण तरीके से मौन प्रतिवाद किया.



0 टिप्पणियाँ