चार वर्गों में होगी डांस प्रतियोगिता, देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचेंगे नृत्य कलाकार व निर्णायक
रानीगंज : लायंस क्लब ऑफ रानीगंज के सहयोग से शाईनश्री की ओर से आगामी 23 अगस्त को ‘बैटल ऑफ फ्रीडम सीजन-4’ डांस प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा. आयोजन को लेकर बुधवार की शाम संवाददाता सम्मेलन किया गया. इसमें लायंस क्लब ऑफ रानीगंज के अध्यक्ष सज्जन टिबरेवाल, सचिव सुभाष केजरीवाल, पूर्व सचिव राजेश जिंदल, शाईनश्री के संस्थापक श्रीकांतो पाल समेत संस्था के अन्य सदस्य उपस्थित थे.
श्रीकांतो पाल ने बताया कि प्रतियोगिता में इस बार 500 से अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है.प्रतियोगिता में पांच से 12 वर्ष तक के बच्चों के अलावा 12 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागी भी हिस्सा ले सकेंगे. डांस प्रतियोगिता को चार वर्गों में आयोजित किया जायेगा और प्रत्येक प्रतिभागी को अपनी प्रस्तुति के लिए एक मिनट का समय दिया जायेगा.
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में दिल्ली, असम और लखनऊ समेत देश के विभिन्न हिस्सों से विशिष्ट नृत्य कलाकार शामिल होंगे। श्रीकांतो पाल स्वयं भी प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका निभायेंगे.
रानीगंज के युवाओं के लिए बड़ा अवसर
लायंस क्लब ऑफ रानीगंज के सचिव सुभाष केजरीवाल और पूर्व सचिव राजेश जिंदल ने कहा कि इतने बड़े स्तर पर राष्ट्रीय स्तर के नृत्य कलाकारों और प्रतिभागियों का रानीगंज में जुटना शहर के लिए बड़ी उपलब्धि है. उन्होंने श्रीकांतो पाल और उनकी पूरी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पिछले तीन वर्षों से प्रतियोगिता का आयोजन लगातार किया जा रहा है और हर वर्ष इसका स्वरूप एवं दायरा बढ़ रहा है. इस वर्ष भी आयोजन के और भव्य होने की उम्मीद है. उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता रानीगंज के युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक बेहतर मंच प्रदान करेगी.




0 टिप्पणियाँ