बांकुड़ा: इंदास कांड में छह सूत्री मांगों को पूरा नहीं किए जाने पर बांकुड़ा जिलाधिकारी कार्यालय के घेराव की चेतावनी पहले ही दे चुकी ककरोच जन पार्टी ने अब मृतक के बेटे अब्दुल हाफिज को साथ लेकर जिलाधिकारी से मुलाकात की। पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगों की याद दिलाते हुए प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की। इस दौरान ककरोच नेतृत्व ने पूरे मामले की जांच की धीमी गति को लेकर भी असंतोष जताया।
बांकुड़ा के इंदास थाना क्षेत्र के करिशुंडा गांव में गत 13 अगस्त की रात कुछ बदमाशों ने ककरोच जन पार्टी कार्यकर्ता अब्दुल हाफिज के घर पर हमला किया था। हमलावरों ने हाफिज के साथ मारपीट करने के अलावा उनके पिता मोहम्मद माफिक की भी बेरहमी से पिटाई की थी। गंभीर रूप से घायल मोहम्मद माफिक की 15 अगस्त की रात बर्दवान मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई।
घटना के बाद 16 अगस्त को मृतक की पत्नी हसीना बेगम ने पांच लोगों के नाम सहित कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज करायी थी। इसके अगले ही दिन ककरोच जन पार्टी की ओर से छह सूत्री मांगें रखी गयीं। इनमें घटना की निष्पक्ष जांच, सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और अब्दुल हाफिज के घर की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ दिवंगत मोहम्मद माफिक के नाम पर एक स्कूल का निर्माण कराने की मांग शामिल थी।
ककरोच जन पार्टी नेतृत्व ने चेतावनी दी थी कि 10 दिनों के भीतर मांगें पूरी नहीं हुईं तो बांकुड़ा जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव किया जाएगा। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी पांच लोगों समेत अब तक कुल 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, हाफिज के घर पर पुलिस की तैनाती भी की गयी है।
हालांकि, मोहम्मद माफिक के नाम पर स्कूल बनाने की मांग को लेकर प्रशासन की ओर से अब तक क्या कदम उठाये गये हैं, इसकी जानकारी लेने के लिए ककरोच जन पार्टी के नेता अब्दुल हाफिज को साथ लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। प्रतिनिधिमंडल ने काफी देर तक जिलाधिकारी के साथ बातचीत की।
बैठक के बाद ककरोच नेतृत्व ने कहा कि जब तक उनकी सभी मांगें पूरी नहीं होतीं, वे अपने फैसले पर अडिग रहेंगे। नेताओं ने यह भी स्पष्ट किया कि मामले की जांच जिस गति से चल रही है, उससे वे संतुष्ट नहीं हैं। मृतक के बेटे अब्दुल हाफिज ने भी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखने की बात कही।

0 टिप्पणियाँ