रानीगंज: सावन मास के पावन अवसर पर रानीगंज में पहली बार बाल कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया.मारवाड़ी युवा मंच रानीगंज शाखा की ओर से आयोजित इस यात्रा की खास बात यह रही कि इसमें छोटे-छोटे बच्चों ने उत्साह के साथ कांवड़ उठाकर करीब डेढ़ किलोमीटर की यात्रा की. आयोजकों ने 50 बच्चों के शामिल होने का लक्ष्य रखा था, लेकिन 100 से अधिक बच्चों ने यात्रा में हिस्सा लिया. बच्चों के साथ उनके अभिभावक भी मौजूद रहे और कुल मिलाकर 300 से अधिक लोग यात्रा में शामिल हुए.
यात्रा के दौरान बच्चों ने दो छोटे पात्रों में जल भरकर अपने कंधों पर कांवड़ उठायी और भगवान शिव के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की.यात्रा के बाद बच्चों ने भगवान शिव का जलाभिषेक भी किया.
मारवाड़ी युवा मंच रानीगंज शाखा के श्याम जालान ने बताया कि सावन के महीने में बच्चों के मन में भगवान शिव के प्रति श्रद्धा और भक्ति की भावना विकसित करने के उद्देश्य से बाल कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया. उन्होंने कहा कि देवघर में 108 किलोमीटर की कांवड़ यात्रा में बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक शामिल होते हैं, लेकिन रानीगंज में पहली बार छोटे-छोटे बच्चों के लिए इस तरह की कांवड़ यात्रा आयोजित की गयी है.इसका उद्देश्य बच्चों को धार्मिक आस्था और संस्कारों से जोड़ना है.
मारवाड़ी युवा मंच की देवी शक्ति चेयरपर्सन दीप्ति सराफ ने कहा कि आज के दौर में अधिकांश बच्चे अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों में पढ़ते हैं. ऐसे में उन्हें सनातन संस्कृति, शिव पूजा, शिव भक्ति और कांवड़ यात्रा के महत्व को समझाने के लिए सार्वजनिक स्तर पर यह आयोजन किया गया. उन्होंने कहा कि बच्चों को केवल किताबों के माध्यम से नहीं, बल्कि ऐसे आयोजनों में शामिल कराकर अपनी संस्कृति और परंपराओं का अनुभव कराया जा सकता है. बच्चों ने यात्रा के दौरान काफी आनंद उठाया और इसे अपने लिए नया एवं यादगार अनुभव बताया.
पहली बार कांवड़ उठाने का उत्साह
यात्रा में शामिल एक बच्चे ने बताया कि कांवड़ उठाकर चलने का उसका यह पहला अनुभव था. उसने कहा कि रात में ही मां ने उसे बताया था कि सुबह कांवड़ यात्रा में शामिल होना है.यह सुनकर वह रात से ही उत्साहित था. सुबह करीब सात बजे वह कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गया और कांवड़ उठाकर यात्रा में शामिल हुआ. भगवान शिव का जलाभिषेक करने के बाद उसने अपने अनुभव को बेहद अच्छा बताया.



0 टिप्पणियाँ