बारूईपुर: बारूईपुर सामूहिक दुष्कर्म एवं हत्या मामले के मुख्य आरोपी प्रभास मंडल के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने के बाद गुरुवार को उसके शव की शिनाख्त की प्रक्रिया मजिस्ट्रेट की कड़ी निगरानी में पूरी की गई। शव की पहचान के लिए प्रभास मंडल की मां और पत्नी बारूईपुर सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के मॉर्च्युरी पहुंचीं।
कानूनी प्रक्रिया के तहत मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में शव की पहचान कराई गई तथा पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी की गई। इस दौरान मुठभेड़ में शामिल विशेष जांच दल (एसआईटी) के सदस्य और पुलिसकर्मी रनी सरकार तथा बारूईपुर थाने के अधिकारी अर्घ्य मंडल भी मौजूद रहे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मंगलवार देर रात प्रभास मंडल को घटनास्थल पर ले जाया गया था। इसी दौरान उसने कथित तौर पर पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की और रनी सरकार की सर्विस रिवॉल्वर छीनकर फायरिंग कर दी। इसके बाद आत्मरक्षा में अर्घ्य मंडल ने जवाबी गोली चलाई, जिसमें प्रभास गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मुठभेड़ के बाद मामले को लेकर व्यापक चर्चा के बीच प्रशासन ने शिनाख्त और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी पारदर्शिता के साथ मजिस्ट्रेट की निगरानी में संपन्न कराईं। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच नियमानुसार जारी है।

0 टिप्पणियाँ