रानीगंज- भारतीय जनता पार्टी रानीगंज मंडल-1, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) तथा भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को रानीगंज के तिलक रोड स्थित सावित्री बालिका विद्यालय का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान विद्यालय में शिक्षकों की अनुपस्थिति और अव्यवस्था को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने गहरी नाराजगी जताई.
प्रतिनिधिमंडल में भाजपा ओबीसी मोर्चा रानीगंज मंडल-1 के अध्यक्ष पिंटू कुमार बर्मन, उपाध्यक्ष संजय सिंह, आईटी इंचार्ज अमित केसरी, एबीवीपी के सदस्य तथा बजरंग दल के कार्यकर्ता शामिल थे.
प्रतिनिधिमंडल का आरोप है कि विद्यालय खुलने का समय बीत जाने के बावजूद कई शिक्षक पढ़ाने के लिए नहीं पहुंचे थे. इस दौरान छात्राएं विद्यालय परिसर में बिना किसी निगरानी के इधर-उधर घूमती नजर आईं. प्रतिनिधिमंडल ने इसे शिक्षा व्यवस्था के प्रति गंभीर लापरवाही बताते हुए चिंता व्यक्त की.
भाजपा नेताओं ने कहा कि विद्यार्थियों का भविष्य किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में शिक्षा व्यवस्था में इस प्रकार की अनियमितताओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. शिक्षकों को समय पर विद्यालय पहुंचकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल सके.
प्रतिनिधिमंडल ने संबंधित अधिकारियों से विद्यालय की व्यवस्था में सुधार तथा शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की मांग की.


0 टिप्पणियाँ