रानीगंज: शहर के श्री श्री सीताराम जी मंदिर में गुरुवार की संध्या श्री रामदेव जी के भव्य जागरण का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ किया गया.कार्यक्रम में रानीगंज एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और देर रात भजनों एवं श्री रामदेव के जयकारों से मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा.
जागरण में सुप्रसिद्ध भजन गायक सुशील गोपालजी बजाज ने श्री रामदेव जी के जीवन, उनके लोककल्याणकारी कार्यों तथा चमत्कारों पर आधारित भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी. उन्होंने बाबा रामदेव की जन्म कथा का भी भावपूर्ण वर्णन किया, जिसे श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ सुना.
मंदिर समिति के सचिव प्रदीप सरायां ने बताया कि रानीगंज कोयलांचल क्षेत्र में इस प्रकार का रामदेव बाबा जागरण एवं जन्म कथा का आयोजन पहली बार इतने भव्य स्तर पर किया गया.उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी को बाबा रामदेव जी के आदर्शों, मानव सेवा और लोककल्याण के संदेश से जोड़ना है.
इस धार्मिक आयोजन में प्रदीप गनेड़ीवाला एवं अरुण गनेड़ीवाला मुख्य यजमान के रूप में उपस्थित रहे. कार्यक्रम के सफल आयोजन में मंदिर समिति के अध्यक्ष बिमल बाजोरिया कोषाध्यक्ष ललित झुनझुनवाला समिति के अन्य सदस्य एवं श्रद्धालुओं का विशेष योगदान रहा.अंत में मंदिर समिति की ओर से सभी भक्तों, सहयोगकर्ताओं और उपस्थित श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया.पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा और भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला.


0 टिप्पणियाँ