कोलकाता : बांग्ला सिनेमा के महानायक उत्तम कुमार की पुण्यतिथि (24 जुलाई) के अवसर पर आज कोलकाता में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस खास मौके पर केओड़ातला महाश्मशान पहुंचकर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने महानायक की प्रतिमा और स्मारक पट्टिका पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ प्रसिद्ध अभिनेत्री एवं आर्टिस्ट फोरम की प्रतिनिधि ऋतुपर्णा सेनगुप्त, रूपा गांगुली, रुद्रनील घोष, पापिया अधिकारी, स्वपन दासगुप्ता, तापस राय सहित मनोरंजन और राजनीति जगत की कई प्रमुख हस्तियां और उत्तम कुमार के परिजन भी उपस्थित रहे।
श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने महानायक की स्मृति में कई बड़ी घोषणाएं कीं: उत्तम कुमार के नाम पर फिल्म सेंटर: कला और संस्कृति के प्रचार-प्रसार तथा महानायक की स्मृति को अमर बनाए रखने के लिए उनके नाम पर एक अत्याधुनिक 'फिल्म सेंटर' का निर्माण किया जाएगा।उत्तम मंच का नवीनीकरण: कोलकाता नगर निगम द्वारा संचालित ऐतिहासिक 'उत्तम मंच' का जीर्णोद्धार और आधुनिकीकरण कराया जाएगा।
जन्मशताब्दी समारोह की तैयारी: आगामी 3 सितंबर को महानायक की 100वीं जयंती के अवसर पर 3 से 6 सितंबर तक चार दिवसीय भव्य जन्मशताब्दी समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए नंदन या रवींद्र सदन में एक विशेष तैयारी समिति का गठन किया जाएगा।मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि ये सभी विकास कार्य और कार्यक्रम महानायक के परिवार की सहमति और सहयोग से ही आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भले ही चार दशक से अधिक का समय बीत चुका हो, लेकिन बांग्ला सिनेमा और दर्शकों के दिलों में महानायक उत्तम कुमार का स्थान आज भी अद्वितीय है।

0 टिप्पणियाँ