रानीगंज- आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के निर्देश पर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से रानीगंज ट्रैफिक विभाग की ओर से लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में शनिवार को रानीगंज के ज्ञान भारती स्कूल में 'सेफ ड्राइव, सेव लाइफ' अभियान के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया.
कार्यक्रम में रानीगंज ट्रैफिक विभाग के अधिकारी सप्तर्षि मंडल, एस.के. सम्राट एवं बबन बाउरी उपस्थित रहे. वहीं विद्यालय के प्राचार्य अमित शॉ, उप-प्राचार्य जे.के. सिंह सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं भी मौजूद थे। कार्यक्रम में कक्षा नौ एवं दस के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
इस दौरान प्रोजेक्टर और वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों को सड़क दुर्घटनाओं के वास्तविक दृश्य दिखाए गए तथा यातायात नियमों की अनदेखी के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया. अधिकारियों ने बताया कि हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा तथा अन्य ट्रैफिक नियमों का पालन कर कई दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है.
कार्यक्रम में विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे अपने परिवार और परिचितों को भी यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करें. कहा गया कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है.
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों में सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है, ताकि वे स्वयं भी नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें.



0 टिप्पणियाँ