कोलकाता- कोलकाता के कालीघाट स्थित पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आवास पर सोमवार को एक बेहद महत्वपूर्ण और हाई-वोल्टेज बैठक आयोजित की गई है। इस बैठक में पार्टी के शीर्ष नेताओं और अंदरूनी गुट के चेहरों— शुभाशीष चक्रवर्ती, डोला सेन से लेकर प्रतिमा मंडल तक की मौजूदगी ने राजनीतिक सरगर्मियों को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है।लेकिन इस वीआईपी बैठक के बीच सबसे चौंकाने वाली बात जो सामने आ रही है, वह है ममता बनर्जी के आवास के बाहर की सुरक्षा व्यवस्था।
अचानक गायब हुई सुरक्षा, पुलिस बल नदारद, सुरक्षा में भारी कटौती:
रविवार तक जहां सुरक्षा का कड़ा पहरा देखा जा रहा था, वहीं आज अचानक पूर्व मुख्यमंत्री के आवास के सामने से वह सुरक्षा गायब है।केंद्रीय बल और पुलिस गायब: आवास के बाहर न तो सेंट्रल फोर्स (केंद्रीय बल) की तैनाती दिख रही है और न ही पर्याप्त संख्या में स्थानीय पुलिस बल मौजूद है। हाई-वोल्टेज बैठक के दौरान सुरक्षा के इस स्तर पर न्यूनतम हो जाने से हर कोई हैरान है।क्या बैठक के बाद बारुईपुर जाएंगी ममता बनर्जी?सुरक्षा व्यवस्था में अचानक आए इस बड़े बदलाव के बाद राजनीतिक गलियारों में अटकलें तेज हो गई हैं कि क्या ममता बनर्जी आज ही बारुईपुर के लिए रवाना होने वाली हैं? बारुईपुर में नाबालिग लड़की के साथ हुई जघन्य वारदात के बाद बीती रात भी उन्होंने वहां जाने की कोशिश की थी।अब सभी की नजरें कालीघाट में चल रही इस कद्दावर बैठक के खत्म होने पर टिकी हैं। बैठक के बाद ही साफ हो पाएगा कि ममता बनर्जी का अगला कदम क्या होगा और सुरक्षा हटाए जाने के पीछे की असली वजह क्या है।

0 टिप्पणियाँ