रानीगंज: अखिल भारतवर्षीय मारवाड़ी सम्मेलन, रानीगंज शाखा के तत्वावधान में गुरुवार को रानीगंज के तिलक पुस्तकालय परिसर में जरूरतमंद एवं दिव्यांगजनों के लिए व्हीलचेयर वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का नेतृत्व समाजसेवी एवं संस्था के अध्यक्ष ओमप्रकाश बाजोरिया ने किया.
इस अवसर पर तिलक पुस्तकालय के अध्यक्ष अनिल लोहारूवाला, सचिव राजीव बाजोरिया सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.
इस अवसर पर ओमप्रकाश बाजोरिया ने कहा कि समाज में अनेक ऐसे लोग हैं जो शारीरिक रूप से सक्षम नहीं होने के कारण दैनिक जीवन में कई प्रकार की कठिनाइयों का सामना करते हैं. ऐसे लोगों की सहायता करना समाज का नैतिक दायित्व है. उन्होंने कहा कि व्हीलचेयर वितरण का उद्देश्य जरूरतमंदों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने में सहयोग प्रदान करना है.
उन्होंने कहा कि संस्था लगातार समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्ग की सहायता के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी कार्य करती रही है. यह पहल भी उसी कड़ी का हिस्सा है, ताकि शारीरिक चुनौतियों का सामना कर रहे लोग समाज की मुख्यधारा से जुड़े रहें और सामान्य जीवन जीने में उन्हें सुविधा मिल सके. कार्यक्रम में लाभार्थि एवं उनके परिजनों ने संस्था के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया.


0 टिप्पणियाँ