बांकुड़ा। तृणमूल कांग्रेस के हाथ से एक और ग्राम पंचायत निकल गई। पहले उपप्रधान और फिर प्रधान के इस्तीफे के बाद बांकुड़ा-1 प्रखंड की बिकना ग्राम पंचायत पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कब्जा कर लिया।
गौरतलब है कि 19 सदस्यीय बिकना ग्राम पंचायत में तृणमूल कांग्रेस के 10, भाजपा के 7 तथा माकपा (सीपीआईएम) के 2 सदस्य थे। बहुमत के आधार पर तृणमूल ने पंचायत पर कब्जा किया था। लेकिन राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद 12 जुलाई को उपप्रधान अनंत कुमार सिंह और 23 जुलाई को प्रधान प्रतिमा कपाड़ी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
इसी बीच शुक्रवार को उपप्रधान के चुनाव के लिए मतदान हुआ। तृणमूल और माकपा के कोई भी निर्वाचित सदस्य बैठक में उपस्थित नहीं हुए। ऐसे में भाजपा के सभी 7 सदस्यों की मौजूदगी में बहुमत के आधार पर पार्टी के सनोज गराई उपप्रधान निर्वाचित हुए।
उपप्रधान चुने जाने के बाद सनोज गराई ने ग्राम पंचायत कार्यालय में गंगाजल छिड़ककर प्रवेश किया। उन्होंने कहा कि लोगों का विकास और रोजगार उपलब्ध कराना ही उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि नए प्रधान का चुनाव होने तक वह कार्यवाहक के रूप में पंचायत का कामकाज संभालेंगे।
भाजपा के ओंदा-4 मंडल अध्यक्ष नित्यानंद प्रतिहार ने कहा कि डबल इंजन की सरकार जनता के लिए काम कर रही है और यहां भी विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। उनका कहना है कि अब पंचायत में जनता के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम किया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ