कोलकाता : नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क (Customs) अधिकारियों ने तस्करी की एक बड़ी कोशिश को नाकाम करते हुए 707 जीवित 'रेड-इयर्ड स्लाइडर' (Red-eared Slider) कछुए जब्त किए हैं। यह कार्रवाई इंडिगो (IndiGo) की उड़ान से पहुंचे एक भारतीय यात्री के पास से की गई।सीमा शुल्क विभाग के अनुसार, यात्री कस्टम्स के 'ग्रीन चैनल' को पार कर बाहर निकलने की फिराक में था, तभी संदेह होने पर अधिकारियों ने उसे रोक लिया। जब उसके सामान की गहनता से तलाशी ली गई, तो उसके बैगों के भीतर छुपाकर रखे गए सैंकड़ों विदेशी कछुए बरामद हुए।पूछताछ और शुरुआती जांच में यात्री इन दुर्लभ वन्यजीवों के आयात (import) से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज, परमिट या लाइसेंस पेश नहीं कर सका। अधिकारियों ने तुरंत कछुओं को जब्त कर लिया और यात्री को सीमा शुल्क अधिनियम (Customs Act) तथा वन्यजीव संरक्षण कानूनों के तहत हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके साथ ही इस तस्करी के पीछे जुड़े अंतर्राष्ट्रीय नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

0 टिप्पणियाँ