रानीगंज: रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स ने शुक्रवार की संध्या अपना 67वां फाउंडर्स डे (स्थापना दिवस) श्रद्धा, गरिमा और उत्साह के साथ मनाया. इस अवसर पर संस्था के संस्थापक सदस्यों एवं पूर्व पदाधिकारियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया गया तथा उनके परिवार के सदस्यों का सम्मान किया गया.
चैंबर परिसर में आयोजित समारोह की शुरुआत संस्थापकों के चित्रों पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई.इसके बाद आयोजित श्रद्धांजलि एवं स्मरण सभा में वक्ताओं ने कहा कि संस्थापकों की दूरदर्शिता, ईमानदारी, सामाजिक सरोकार और व्यापारिक विकास के प्रति समर्पण ने रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स को एक मजबूत एवं प्रतिष्ठित संस्था के रूप में स्थापित किया.
कार्यक्रम के संयोजक अरुण भारतीया ने कहा कि फाउंडर्स डे मनाने का उद्देश्य नई पीढ़ी को संस्थापकों के आदर्शों और मूल्यों से प्रेरित करना है. उन्होंने कहा कि संस्थापकों द्वारा स्थापित सिद्धांत आज भी चैंबर के लिए मार्गदर्शक हैं और संस्था उन्हीं मूल्यों के अनुरूप आगे बढ़ रही है.
इस अवसर पर चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष जुगल किशोर गुप्ता, महासचिव शरत कानोरिया, उपाध्यक्ष मनोज केसरी, जगदीश झुनझुनवाला सहित अन्य वक्ताओं ने संस्थापकों के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके अथक प्रयासों से रानीगंज के व्यापारिक एवं सामाजिक विकास को नई दिशा मिली. उन्होंने कहा कि संस्थापकों के आदर्शों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी.
समारोह को आध्यात्मिक रंग देते हुए आर्ट ऑफ लिविंग की ओर से विशेष भजन संध्या का आयोजन किया गया. परमजीत कौर एवं विकास खेतान ने भक्तिमय भजनों की मधुर प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया.
कार्यक्रम में रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स के संस्थापक सदस्य गोविंद राम खेतान के परिवार के सदस्य भी विशेष रूप से उपस्थित रहे. इसके अलावा चैंबर के पदाधिकारी, सदस्य, समाजसेवी एवं शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया.
समारोह के अंत में सभी सदस्यों ने संस्थापकों की गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाने तथा रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स को और अधिक सशक्त एवं जनहितैषी संस्था बनाने का सामूहिक संकल्प लिया.





0 टिप्पणियाँ