मालदा : मालदा जिले के गाजोल थाना क्षेत्र अंतर्गत शिक्षकपल्ली इलाके में गुरुवार रात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये मूल्य की ब्राउन शुगर बरामद की है। इस अवैध धंधे का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गुरुवार रात हुई इस छापेमारी के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।जानकारी के अनुसार, गाजोल के शिक्षकपल्ली स्थित एक मकान में गुरुवार रात प्रतिबंधित नशीले पदार्थ 'ब्राउन शुगर' की अवैध खरीद-बिक्री (सौदा) चल रही थी। गुप्त सूचना मिलने पर गंजोल थाने के आईसी (इंचार्ज) कौशिक विश्वास के नेतृत्व में पुलिस की एक विशाल टीम ने उक्त मकान में छापेमारी की।
पुलिस की इस मुस्तैद कार्रवाई में अवैध ड्रग्स नेटवर्क का भांडाफोड़ हुआ। मकान की दूसरी मंजिल के एक कमरे से तलाशी के दौरान ब्राउन शुगर से भरे कई छोटे-छोटे पैकेट बरामद किए गए। सभी पैकेटों का कुल वजन करने पर लगभग 3 किलोग्राम ब्राउन शुगर जब्त की गई, जिसकी बाजार में भारी कीमत बताई जा रही है।मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरी प्रक्रिया की मजिस्ट्रेट स्तर पर जांच की गई। इस दौरान गंजोल के बीडीओ (BDO) सुमन घोष खुद मौके पर मौजूद रहे। पुलिस गिरफ्तार चारों आरोपियों से पूछताछ कर इस गिरोह के बाकी नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है।

0 टिप्पणियाँ