रानीगंज, 3 जुलाई। रानीगंज बोरो-2 के वार्ड संख्या 34 स्थित रामबागान इलाके में कथित उत्पीड़न और गुंडागर्दी के खिलाफ शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ताओं व स्थानीय लोगों ने पंजाबी मोड़ पुलिस फांड़ी पहुंचकर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। भाजपा ने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में तृणमूल कांग्रेस से जुड़े लोगों ने भाजपा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों पर अत्याचार, रंगदारी, धमकी और मारपीट की घटनाओं को अंजाम दिया। ज्ञापन में अंकित सिंह, विजय सिंह यादव और संजय सिंह यादव को नामजद किया गया है तथा उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और तत्काल गिरफ्तारी की मांग की गई।
प्रदर्शन में भाजपा नेता मोनु मंडल, रित्विक सिंह, अजय सिंह, अनीश सिंह, बृजेश सिंह, मृणाल कुंडू, निरंजन मोदी, मनीष सिंह, कुमेश्वर यादव, अनूप सिंह, अरविंद यादव, आनंद साव, रोहित श्रीवास्तव, सुधीर सिंह तथा विश्व हिंदू परिषद के आसनसोल जिला सचिव तेज प्रताप सिंह मौजूद थे।
तेज प्रताप सिंह ने कहा कि रामबागान में अब भी कुछ लोग पुराने शासन की तरह गुंडागर्दी कर रहे हैं, जबकि अब कानून का राज स्थापित हो चुका है। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि कुछ आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है और अन्य की भी गिरफ्तारी की जाएगी।
भाजपा नेताओं का आरोप है कि पूर्व में भी शिकायतें देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि घर निर्माण के दौरान रंगदारी वसूली, आम लोगों को धमकाने, विपक्षी कार्यकर्ताओं से मारपीट और घरों में घुसकर गुंडागर्दी जैसी घटनाओं से लोग वर्षों तक परेशान रहे। पुलिस ने शिकायत स्वीकार कर मामले की जांच और कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया है।


0 टिप्पणियाँ