रानीगंज: विभिन्न जनसमस्याओं और सरकारी योजनाओं के लाभ से गरीबों को वंचित किए जाने के विरोध में गुरुवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की रानीगंज एरिया कमेटी के नेतृत्व में बल्लभपुर ग्राम पंचायत कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया गया. इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने बल्लभपुर स्थित सीपीआई(एम) कार्यालय से लाल झंडों के साथ जुलूस निकालकर पंचायत कार्यालय तक मार्च किया और पंचायत प्रधान मीना धीवर को 15 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा.
प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में 100 दिनों के कार्य की बकाया मजदूरी का तत्काल भुगतान, रोजगार कार्यों को नियमित रूप से शुरू करना तथा बीजीरामजी (125 दिवसीय रोजगार) योजना को शीघ्र लागू करना शामिल था.उन्होंने लाभार्थियों की सूची सार्वजनिक करने, रोजगार के दिनों को 125 से बढ़ाकर 200 दिन करने तथा मजदूरी बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिदिन करने की भी मांग की.
सभा को हेमंत प्रभाकर, मलय मंडल, गुरुपद बाउरी, सुभाष बाउरी और शाश्वती मित्र ने संबोधित किया, जबकि संचालन अशोक बाउरी ने किया. वक्ताओं ने आरोप लगाया कि गरीब एवं श्रमिक वर्ग के अधिकारों की अनदेखी की जा रही है. उन्होंने कहा कि आवास योजना के तहत पात्र परिवारों को घर नहीं मिल रहे हैं, जबकि बारिश के मौसम में जरूरतमंदों को तिरपाल तक उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है.
प्रदर्शनकारियों ने पंचायत क्षेत्र की जर्जर सड़कों की मरम्मत, नालियों की सफाई, कूड़ा-करकट हटाने, पेयजल संकट के समाधान तथा सिंचाई नालों के जीर्णोद्धार की भी मांग उठाई.उन्होंने आरोप लगाया कि राशन कार्ड से जुड़ी तकनीकी समस्याओं का हवाला देकर गरीबों को राशन से वंचित किया जा रहा है. साथ ही सभी पात्र महिलाओं को अन्नपूर्णा भंडार योजना का लाभ, वृद्धावस्था पेंशन और दिव्यांग (मानविक) भत्ता तत्काल शुरू करने की मांग की गई.
इसके अलावा ज्ञापन में आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना से सभी पात्र परिवारों को जोड़ने, वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने तथा सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की सूची सार्वजनिक करने की मांग भी की गई.
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा. वहीं, पंचायत प्रधान मीना धीवर ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि उनकी सभी मांगों और समस्याओं से उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा तथा आवश्यक कार्रवाई के लिए पहल की जाएगी.

0 टिप्पणियाँ