जलपाईगुड़ी -सिक्किम के नामची स्थित एनएचपीसी (NHPC) परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग में बीते 20 जुलाई को हुए भीषण भूस्खलन व हादसे में जान गंवाने वाले पश्चिम बंगाल के डुआर्स क्षेत्र के 11 श्रमिकों के पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए राज्य सरकार ने आर्थिक सहायता प्रदान की है।
सोमवार को जलपाईगुड़ी जिलाधिकारी (DM) कार्यालय परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने स्वयं उपस्थित होकर मृतक श्रमिकों के शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने व्यक्तिगत रूप से पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और उनके हाथों में राज्य सरकार की ओर से घोषित आर्थिक सहायता राशि के चेक सौंपे।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस अप्रत्याशित और कठिन समय में राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रभावित परिवारों को आगे भी प्रशासनिक और हर संभव सहायता प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा।
जलपाईगुड़ी जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और जन प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ