पाण्डेशवर -पश्चिम बर्धमान जिले के अंडाल थाना क्षेत्र के बैंकोला इलाके में शुक्रवार को एक सनसनीखेज घटना को लेकर भारी तनाव और हंगामा फैल गया. आरोप है कि पांडवेश्वर के पूर्व तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती के आवास से सटे एक गोदाम से बड़ी मात्रा में सरकारी राहत सामग्री बरामद की गई है.
स्थानीय आक्रोशित लोगों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों तथा स्थानीय नेताओं ने गोदाम का ताला खोलकर अंदर प्रवेश किया. गोदाम के भीतर का नजारा देखकर सभी हैरान रह गए. वहां बड़ी मात्रा में सरकारी राहत सामग्री जमा पाई गई.
आरोप है कि गरीबों के लिए आवंटित साड़ियां, कपड़े, मच्छरदानियां तथा सरकारी स्कूलों के छात्र-छात्राओं के लिए निर्धारित यूनिफॉर्म तक गोदाम में रखी हुई थीं. इसके अलावा एक कमरे से कंडोम के पैकेट भी बरामद होने की बात सामने आई है. स्थानीय लोगों का दावा है कि लंबे समय से इन सरकारी सामग्रियों को गोदाम में जमा कर अन्य स्थानों पर भेजा जाता था.
घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया.स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अंडाल थाना पुलिस और केंद्रीय बल के जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.
इस घटना को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी तीखी बयानबाजी शुरू हो गई है.भाजपा ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है, हालांकि, इन आरोपों पर अभी तक पूर्व विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती या तृणमूल कांग्रेस नेतृत्व की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.



0 टिप्पणियाँ