मालदा, 19 मई 2026: पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के इंग्लिश बाजार थाना क्षेत्र के चंडीपुर इलाके में जमीन विवाद को लेकर मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ बेरहमी से मारपीट और उन्हें बचाने आई उनकी 50 वर्षीय बेटी के साथ बदसलूकी का गंभीर आरोप लगाया गया है। मामले में इलाके के एक सिविक वालंटियर मोहम्मद इलियास का नाम सामने आया है।
पीड़िता ने इंग्लिश बाजार थाने और मालदा के पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में बताया कि वह पिछले करीब 50 वर्षों से सड़क किनारे पीडब्ल्यूडी की जमीन पर बने छोटे घर में रह रही हैं। आरोप है कि मोहम्मद इलियास और उसके समर्थक लंबे समय से उन्हें वहां से हटाकर जमीन पर कब्जा करना चाहते थे।
शिकायत के अनुसार, विरोध करने पर आरोपियों ने बुजुर्ग महिला के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। मां की चीख सुनकर जब उनकी बेटी बचाने पहुंची तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की और बीच सड़क पर निर्वस्त्र कर शीलभंग किया। घटना के बाद से परिवार दहशत में है। पीड़ितों का आरोप है कि आरोपी पक्ष लगातार धमकी देकर मामला दबाने की कोशिश कर रहा है।
मालदा के एसपी अनुपम सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद आरोपी सिविक वालंटियर फरार बताया जा रहा है।


0 टिप्पणियाँ